मनासा। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) श्रीमती शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वर्ष 2024 के एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था मामला?
थाना मनासा में 02 दिसंबर 2024 को अपराध क्रमांक 601/2024, धारा 8/15, 29, 25 एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध डोडाचूरा तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी अविनाश पिता हीरालाल धाकड़ निवासी मालखेड़ा को पूर्व में गिरफ्तार किया था। इस प्रकरण में सह-आरोपी सोनू पिता प्रकाशचंद्र धाकड़ निवासी बरखेड़ा चौखड़ी और जितेन्द्र सिंह पिता रामसिंह निवासी मुंडला चक थाना नीमच सिटी लंबे समय से फरार चल रहे थे। इन दोनों फरार आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने ऐसे कसा शिकंजा
मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मनासा पुलिस की टीम ने 17 जुलाई 2026 को घेराबंदी कर फरार आरोपी सोनू पिता प्रकाशचंद्र धाकड़ को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने बताया कि आरोपी से उक्त अपराध के संबंध में कड़ी पूछताछ की जा रही है। वहीं, मामले का दूसरा फरार इनामी आरोपी जितेन्द्र सिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है, जिसकी तलाश हेतु पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के साथ प्रधान आरक्षक प्रकाश सीनम, मनोहर बैरागी, अकीब मेव, समरथ खराड़ी तथा आरक्षक विजयपाल सिंह, हेमन्त सिंह, अंकित जोशी, ईश्वर चौहान, कुशलपाल जाट, अजयप्रताप, सुनिल माली और दशरथ जाटव की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।