नशे के खिलाफ कुकड़ेश्वर पुलिस का कड़ा प्रहार: ग्राम हनुमंतिया में खेत पर छुपाकर रखा 175 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद, 2 आरोपी पुलिस गिरफ्त में
खेत पर छुपाकर रखे 175 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा को पकड़ने में कुकड़ेश्वर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यह कार्रवाई प्रदेश में मादक पदार्थ तस्करों और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
यह कार्रवाई नीमच
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन,
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं
एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में
थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर के नेतृत्व वाली पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस को 26 सितंबर 2026 को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हनुमंतिया में अवैध मादक पदार्थ छुपाकर रखा गया है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम हनुमंतिया स्थित बलवंत पिता रतनलाल रावत (उम्र 48 वर्ष) के खेत पर दबिश दी।
दो आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
मौके से पुलिस ने खेत मालिक बलवंत रावत और उसके साथी हरिसिंह पिता बगदीराम रावत (उम्र 45 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम हनुमंतिया, के संयुक्त कब्जे से 175 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के आवश्यक कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए मादक पदार्थ को जब्त कर लिया।
दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे का अनुसंधान कर रही है कि यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।