नीमच, 4 सितंबर 2026। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिला कोषालय अधिकारी एल.एन.चौहान ने जिला चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान चौहान ने विभिन्न वार्डों
में भर्ती मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रहे उपचार, दवाइयों
एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से अस्पताल की
व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।
चौहान ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था, पैथोलॉजी लैब, दवाइयों एवं सामग्री के
स्टॉक रजिस्टर, कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर
सहित आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन किया। इसके साथ ही मरीजों एवं आगंतुकों के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अस्पताल परिसर में उपलब्ध अन्य
सुविधाओं की स्थिति देखी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं डॉक्टर्स को
अस्पताल की व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने, साफ-सफाई एवं सुरक्षा पर विशेष
ध्यान देने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के
निर्देश दिए। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना रहा। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ.महेंद्र पाटिल सहित
चिकित्सक एवं अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।