नीमच!! मध्य प्रदेश शासन द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी कर एक सफेद रंग की एस-क्रॉस कार से 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचुरा जब्त किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इस तरह की गई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह प्रभावी कार्रवाई की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, नीमच-मनासा आम रोड पर स्थित नायक कृषि फार्म हाउस के सामने ग्राम गिरदौड़ा में पुलिस ने नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध हालत में आ रही सफेद रंग की एस-क्रॉस कार (नंबर GJ 06 JE 8907) को रोककर तलाशी ली गई। कार के अंदर दो काले रंग के कट्टों में कुल 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचुरा भरा हुआ मिला।
आरोपी की पहचान
पुलिस ने मौके से वाहन और अवैध डोडाचुरा जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान महेन्द्रराम पिता श्यामलाल सारण (विश्नोई), उम्र 24 साल, निवासी ग्राम बावरला, थाना डांगियावास, जिला जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
आरोपी के विरुद्ध थाना नीमच सिटी में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से इस अवैध मादक पदार्थ के स्रोतों और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया, उनकी थाना टीम तथा नीमच साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही।