नीमच. मनासा शहर में फिर से लोग महंगे व स्टाइलिश बाइक के मूल साइलेंसर को बदलवाकर तेज आवाज वाले साइलेंसर लगवा रहे हैं। बेधड़क स्पीड ड्राइव करके लोगों की जान संकट में डालते हुए निकल रहे हैं। पुलिस ऐसे बाइक चालकों के खिलाफ कोई खास कार्रवाई भी नहीं कर रही है। ये बाइकर्स दिन और रात शहर सड़कों और रहवासी कॉलोनी में तेज़ पटाखों की आवाज निकालकर लोगों को परेशान कर रहे हैं।
नियमों के अनुसार बाइक पर प्रेशर हार्न एवं वाहन को मोडिफाई करने पर रोक है, लेकिन इसकी परवाह किए बगैर युवा वर्ग और स्कूली बच्चे अपने बाइक पर प्रेशर हार्न के साथ साथ तेज़ आवाज के साइलेंसर लगाकर सरेआम घूम रहे हैं।
नियम विरुद्ध है पटाखे जैसी आवाज का साइलेंसर लगाना
सड़कों पर स्टंट और पटाखे जैसी आवाज निकालने वाला साइलेंसर लगवाना यातायात अधिनियम के तहत खिलाफ है। रोड पर चलते समय अचानक इस प्रकार की आवाज आने से कोई सड़क पर गिर सकता है, और उसकी जान भी जा सकती है। इस पर तत्काल प्रभाव से पुलिस प्रशासन को रोक लगानी चाहिए।
साइलेंसर में जाली निकाली जाने के कारण वह अधिक आवाज करता है। पटाखा छोडऩे के लिए इंजन के बीच लगे प्लग का गैप कम करके उसकी सेटिंग की जाती है, जो चलते हुए मोटर साइकिल को बंद करने के बाद दोबारा चलाने पर उसमें खुदबखुद साइलेंसर की आवाज आने लगती है। सबसे ज्यादा इस समय युवाऔर स्कूली बच्चे बुलेट में ऐसे साइलेंसर लगवा रहे हैं।
ऐसे बाइक चालकों की गाड़ी का नंबर आरटीओ को भेजकर उनकी शिकायत की जा सकती है और वह उनके खिलाफ नोटिस देकर कार्यवाही करता है, लेकिन पिछले कुछ माह से आरटीओ की यह कार्यवाही भी ठंडे बस्ते में है। इसलिए ऐसे बाइकर्स के हौसले बुलंद है।
अनसेफ है यह नकली साइलेंसर
बुलेट पर कंपनी का लगकर आ रहा है उस साइलेंसर को हटा कर अनसेफ साइलेंसर लगवाए जा रहे हैं। वही इन बुलेट पर रुतबा ज़माने के लिए नम्बर प्लेट से भी छेड़ छाड़ की जा रही है।