मंदसौर। पिपलियामंडी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हुंडई वरना कार से अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार हुंडई वरना कार नारायणगढ़ साइड से आ रही थी। पुलिस को संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 15-15 किलो के तीन कट्टे मिले, जिनमें कुल 45 किलो डोडा चूरा भरा हुआ था। पुलिस ने मौके से डोडा चूरा जब्त कर लिया। पुलिस ने कार चालक नरपत सिंह पिता रोड सिंह राठौर (53 वर्ष) निवासी प्रताप कॉलोनी, चंदेरिया थाना चंदेरिया जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह डोडाचूरा मनोहर सिंह निवासी तुर्किया थाना नारायणगढ़ से खरीदा था और इसे आगे बेचने के लिए लेकर जा रहा था।आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वह यह मादक पदार्थ बहादुर सिंह निवासी ग्राम बेहरा रुपगंज थाना सिरोही जिला सिरोही (राजस्थान) को बेचने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा पूरे मामले में डोडा चूरा के नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।